
- वाराणसी मंडल ब्यूरो पंकज झा
वाराणसी राजातालाब आराजी लाइन विकासखंड के ग्राम पंचायत बसंतपट्टी में सरकार की महत्वाकांक्षी जल जीवन मिशन योजना पूरी तरह धराशायी हो गई है। गांव में लगा बोर पिछले लगभग तीन सप्ताह से खराब पड़ा है और उससे स्वच्छ पानी की जगह बालू और गिट्टी युक्त गंदा पानी निकल रहा है, जिससे पूरे गांव में पेयजल संकट गहरा गया है।
ग्राम प्रधान प्रशासक श्यामलाल चौहान ने बताया कि बोर के भ्रष्ट हो जाने के कारण उसमें से गंदा पानी, बालू और गिट्टी निकल रही है। यह पानी बिल्कुल पीने योग्य नहीं है। पानी न मिलने से ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। महिलाएं और बच्चे दूर-दराज से पानी लाने को मजबूर हैं।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इस समस्या का तत्काल समाधान नहीं किया गया_ तो गांव में पेयजल का घोर संकट उत्पन्न हो जाएगा और ग्रामीणों के स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा।
ग्राम प्रशासक ने प्रशासन और जल जीवन मिशन के अधिकारियों से मांग की है कि बोर की तत्काल जांच कर मरम्मत कराई जाए, ताकि ग्रामीणों को सुचारू रूप से स्वच्छ एवं साफ पेयजल उपलब्ध हो सके।
गांव में फैली इस अव्यवस्था से ग्रामीणों में आक्रोश है और जिम्मेदार अधिकारियों की लापरवाही पर सवाल उठ रहे हैं।




