
- वाराणसी मंडल ब्यूरो पंकज झा
वाराणसी। सारनाथ थाना क्षेत्र के सथवा गांव में मंगलवार को उस समय तनाव का माहौल बन गया, जब गांव में स्थापित बजरंगबली (हनुमान जी) की प्रतिमा क्षतिग्रस्त मिलने की सूचना फैली। सूचना फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और श्रद्धालु मौके पर पहुंच गए, जिससे क्षेत्र में आक्रोश का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही सारनाथ थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात कर दिया। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील करते हुए भरोसा दिलाया कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस के अनुसार, प्रतिमा किन परिस्थितियों में क्षतिग्रस्त हुई, इसकी जांच की जा रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि घटना के पीछे किसी की शरारत है या कोई अन्य कारण। जांच के तहत आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है तथा स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में पुलिस सतर्क है और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है तथा लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील की है।
फिलहाल पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही प्रतिमा क्षतिग्रस्त होने के वास्तविक कारणों के संबंध में स्पष्ट जानकारी दी जाएगी।




