
- वाराणसी मंडल ब्यूरो पंकज झा
वाराणसी। पुलिस आयुक्त के निर्देश पर अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत काशी जोन पुलिस ने महिलाओं की सुरक्षा को लेकर बड़ी कार्रवाई की है। डीसीपी काशी जोन के निर्देशन, एडीसीपी काशी के पर्यवेक्षण तथा एसीपी चेतगंज एवं प्रभारी निरीक्षक सिगरा के नेतृत्व में थाना सिगरा की एंटी रोमियो टीम ने कैंट रेलवे स्टेशन के सामने महिलाओं से अभद्रता करने वाले युवकों के खिलाफ अभियान चलाया।
पुलिस को सूचना मिली थी कि कैंट रेलवे स्टेशन के सामने पिलर संख्या 57 से 60 के बीच कुछ युवक आने-जाने वाली महिलाओं पर अश्लील इशारे कर उन्हें परेशान कर रहे हैं। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक सिगरा के निर्देश पर सादे कपड़ों में एंटी रोमियो टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान शिकायत सही पाए जाने पर टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अवनीश पाण्डेय (20 वर्ष), निवासी राजवानी, थाना चौबेपुर, वाराणसी तथा संदीप कुमार यादव (20 वर्ष), निवासी सेमरी मगरही, थाना कछवा, जनपद मिर्जापुर के रूप में हुई। दोनों के विरुद्ध थाना सिगरा में मु0अ0सं0-0310/2026 के तहत धारा 296 बीएनएस में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई के दौरान मौके पर मौजूद अन्य 8 युवकों को कड़ी चेतावनी देते हुए उनके परिजनों को बुलाकर सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि महिलाओं से छेड़छाड़, अभद्रता और सार्वजनिक स्थानों पर अशोभनीय व्यवहार करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी इसी प्रकार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
इस कार्रवाई में एंटी रोमियो टीम प्रभारी उपनिरीक्षक काजोल सिंह, उपनिरीक्षक डॉली साहू, महिला कांस्टेबल काजल, महिला कांस्टेबल मंदाकिनी, कांस्टेबल अभिषेक शर्मा तथा कांस्टेबल अभिषेक की प्रमुख भूमिका रही।




