
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
लखनऊ। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने मंगलवार को लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे का उद्घाटन किया। इस अवसर पर राजनाथ सिंह ने कहा कि इस परियोजना की लंबे समय से मांग की जा रही थी, जिसे नितिन गडकरी ने शीघ्र स्वीकृति देकर साकार किया।
राजनाथ सिंह ने कार्यक्रम के दौरान लखनऊ एयरपोर्ट से आउटर रिंग रोड तक शहीद पथ के साथ लगभग 23 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड कॉरिडोर के निर्माण का प्रस्ताव भी रखा। उन्होंने कहा कि इस परियोजना से राजधानी में यातायात व्यवस्था और अधिक सुगम होगी।
उन्होंने बताया कि केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने इस प्रस्ताव पर सहमति जताई है। साथ ही, एलिवेटेड कॉरिडोर के ऊपर मेट्रो संचालन के प्रस्ताव को भी मंजूरी मिल गई है, जिससे भविष्य में राजधानी के परिवहन नेटवर्क को और मजबूती मिलेगी।
राजनाथ सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार उत्तर प्रदेश में सड़क और परिवहन अवसंरचना को आधुनिक बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे और प्रस्तावित एलिवेटेड कॉरिडोर जैसी परियोजनाएं प्रदेश के विकास और लोगों की आवाजाही को नई गति देंगी।




