
- वाराणसी ब्यूरो पंकज झा
वाराणसी। चन्दौलीअवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना अलीनगर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने चेकिंग के दौरान एक ट्रक से बिहार ले जाई जा रही 115 पेटी अवैध देशी शराब बरामद करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 4 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, उच्चाधिकारियों के निर्देशन और प्रभारी निरीक्षक अलीनगर गगनराज सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर 13 जुलाई 2026 को भारत पेट्रोलियम मेन गेट से करीब 500 मीटर पहले ग्राम सरेसर के पास चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान तेज गति से आ रहे ट्रक संख्या UP65BT3990 को रोककर तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान ट्रक के डाले से 23 बोरियों में रखी कुल 115 पेटी ब्लू लाइम देशी शराब बरामद हुई। प्रत्येक पेटी में 45 टेट्रा पैक और प्रत्येक टेट्रा पैक की मात्रा 200 एमएल थी। कुल बरामद शराब की मात्रा 1035 लीटर बताई गई है।
पुलिस ने ट्रक चालक को मौके से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान राकेश कुमार पुत्र रामेश्वर शाह, निवासी ग्राम सोनहर, थाना शिवसागर, जनपद रोहतास (बिहार), उम्र करीब 28 वर्ष के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वाहन स्वामी द्वारा वाराणसी से शराब ट्रक में लोड कर उसे बिहार पहुंचाने के लिए दिया जाता था। आरोपी के अनुसार, वह शराब को बताए गए स्थान तक पहुंचाता था, जिसके बदले उसे आर्थिक लाभ मिलता था। पुलिस के मुताबिक, आरोपी वाराणसी से शराब लेकर बिहार जा रहा था, तभी रास्ते में कार्रवाई की गई।
इस मामले में थाना अलीनगर में मु0अ0सं0 445/2026, धारा 60/63 आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तारी और बरामदगी में शामिल पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक गगनराज सिंह, उपनिरीक्षक पंकज कुमार सिंह, उपनिरीक्षक धुरेन्द्र प्रसाद, हेड कांस्टेबल राकेश कुमार मौर्या, कांस्टेबल राहुल सिंह और रिजर्व कांस्टेबल विपिन कुमार गुप्ता शामिल रहे।




