
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। चन्दौली जुलाई। जनपद में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने और जाम की समस्या से लोगों को राहत दिलाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने शनिवार को मुगलसराय कस्बे में पैदल गश्त कर अतिक्रमण हटाओ अभियान का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बाजारों, मुख्य मार्गों और व्यस्त चौराहों का भ्रमण कर यातायात व्यवस्था का जायजा लिया तथा सड़क किनारे अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों और ऑटो-टोटो चालकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पैदल गश्त के दौरान एसपी ने दुकानदारों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वे अपनी दुकानें निर्धारित सीमा के भीतर ही संचालित करें और सड़क पर सामान रखकर यातायात में बाधा उत्पन्न न करें। उन्होंने चेतावनी दी कि बार-बार समझाने के बाद भी नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
ऑटो और टोटो चालकों को भी निर्धारित स्टैंड पर ही वाहन खड़ा करने, सड़क पर अनावश्यक रूप से सवारी न भरने तथा यातायात नियमों का पूरी तरह पालन करने के निर्देश दिए गए। साथ ही आम नागरिकों से भी अपील की गई कि वे सड़क पर वाहन खड़े कर जाम की स्थिति पैदा न करें और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।
एसपी आकाश पटेल ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि अतिक्रमण और यातायात बाधित करने वालों के विरुद्ध नियमित अभियान चलाकर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि नगर में सुरक्षित, व्यवस्थित और सुगम यातायात व्यवस्था कायम रह सके।
इस अवसर पर प्रभारी निरीक्षक यातायात, थाना प्रभारी मुगलसराय सहित अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे।




