
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
लखनऊ: राजधानी लखनऊ में कृष्णानगर पुलिस ने संवेदनशीलता और तत्परता का परिचय देते हुए 24 घंटे के भीतर एक लापता बुजुर्ग महिला को सकुशल खोजकर उनके परिजनों से मिलवा दिया।
जानकारी के अनुसार, आजाद नगर निवासी 60 वर्षीय किरण देवी सोमवार शाम ईको गार्डन के पास से लापता हो गई थीं। मूल रूप से बिहार की रहने वाली किरण देवी को अपने लखनऊ स्थित पते की जानकारी नहीं थी, जिसके कारण उन्हें घर पहुंचने में परेशानी हो रही थी।
महिला के लापता होने के बाद उनके बेटे गोविंद, जो भारतीय सेना में कार्यरत हैं, ने थाना कृष्णानगर में शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल खोजबीन शुरू की।
थाना कृष्णानगर क्षेत्र की आजाद नगर चौकी प्रभारी गौरव और सहायक चौकी प्रभारी शिवम ने लगातार प्रयास करते हुए महज 24 घंटे के भीतर किरण देवी को सकुशल बरामद कर लिया। इसके बाद पुलिस ने उन्हें उनके बेटे गोविंद से मिलवाया।
अपनी मां को सुरक्षित पाकर परिजनों ने लखनऊ पुलिस का आभार व्यक्त किया। इस कार्रवाई को पुलिस की संवेदनशील कार्यशैली और आमजन के प्रति जिम्मेदारी का एक सकारात्मक उदाहरण माना जा रहा है।




