
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। रोहनिया स्थानीय थाना क्षेत्र के मोहनसराय पुलिस चौकी अंतर्गत कनेरी गांव के गेट के सामने सोमवार सुबह लगभग 10:30 बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया। राजातालाब से वाराणसी की ओर जा रहे हाईवे पर ट्रक की चपेट में आने से 32 वर्षीय महिला गुलप्पा बेगम की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहा युवक खुर्शीद आलम बाल-बाल बच गया।
जानकारी के अनुसार, उगापुर औराई (भदोही) निवासी नवाजशरीफ की पत्नी गुलप्पा बेगम अपने भतीजे खुर्शीद आलम के साथ बाइक से वाराणसी के लोहता बाजार दवा लेने जा रही थीं। इसी दौरान मोहनसराय चौराहे के पास कनेरी गेट के सामने हाईवे पर यह हादसा हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चलते समय बाइक का हैंडल साइड से गुजर रहे वाहन से टकरा गया, जिससे बाइक अनियंत्रित हो गई और पीछे बैठी गुलप्पा बेगम सड़क पर गिर पड़ीं। इसी दौरान पीछे से आ रहे ट्रक ने उन्हें कुचल दिया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन सहित फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही रोहनिया पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार ट्रक चालक की तलाश की जा रही है।
इस दर्दनाक हादसे से इलाके में शोक का माहौल है।




