
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। पूर्वोत्तर रेलवे, वाराणसी मंडल के भारतेन्दु सभागार में सोमवार को एक गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें संरक्षा एवं सुरक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कुल 11 रेलकर्मियों को ‘Excellence Award’ से सम्मानित किया गया।
यह सम्मान मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन द्वारा प्रदान किया गया। इस अवसर पर मई-2026 माह में चयनित कर्मियों को उनके उल्लेखनीय योगदान, सतर्कता और कर्तव्यनिष्ठा के लिए सम्मानित किया गया।
संरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता: डीआरएम
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए डीआरएम आशीष जैन ने कहा कि भारतीय रेल की सर्वोच्च प्राथमिकता यात्रियों की सुरक्षा और संरक्षा सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि वाराणसी मंडल के विभिन्न विभाग—परिचालन, इंजीनियरिंग, सिग्नल एवं दूरसंचार, विद्युत तथा जनसंपर्क—टीम भावना के साथ कार्य करते हुए लगातार बेहतर परिणाम दे रहे हैं।
उन्होंने कहा कि संभावित दुर्घटनाओं को रोकने और रेल संपत्ति व यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में कर्मचारियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। ऐसे कर्मियों का समर्पण और त्वरित निर्णय क्षमता अन्य कर्मचारियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
टीमवर्क से मजबूत हो रही रेलवे व्यवस्था
डीआरएम ने सभी कर्मचारियों से आह्वान किया कि वे संरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए हर परिस्थिति में सतर्कता, अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें। उन्होंने विश्वास जताया कि वाराणसी मंडल आगे भी टीम भावना के साथ कार्य करते हुए भारतीय रेल की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाएगा।
वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति
इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) अशोक कुमार वर्मा, अपर मंडल रेल प्रबंधक (इन्फ्रा) अजय सिंह, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर विकास कुमार सिंह, वरिष्ठ मंडल सिग्नल एवं दूरसंचार इंजीनियर यशवीर सिंह, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर (सामान्य) सौरभ राठौर, वरिष्ठ मंडल सामग्री प्रबंधक नितेश अग्रवाल, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक प्रशस्ति श्रीवास्तव सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
सम्मानित कर्मचारी सूची
इस अवसर पर जिन 11 रेलकर्मियों को सम्मान प्रदान किया गया, उनमें शामिल हैं— गुंजन कुमार (वरिष्ठ अनुभाग अधिकारी, वाराणसी), रामख्याली (ट्रैक मेंटेनर प्रथम, माधोसिंह), संजीत कुमार (लोको पायलट, मऊ), अमित कुमार (एमसीएम विद्युत, छपरा), अमित कुमार मिश्र (कांटावाला, बनारस), श्रीमती रीतु वर्मा (गोपनीय सहायक, भंडार, वाराणसी), अभिषेक कुमार दुबे (सी.से.ई, आजमगढ़), संतोष कुमार (वरिष्ठ प्रचार निरीक्षक, वाराणसी), सचिन कुमार (कोरियर, वाराणसी), श्रीमती रीना कुमारी (कार्यालय अधीक्षक संरक्षा, वाराणसी) सहित अन्य कर्मचारी।
कार्यक्रम का संचालन एवं समापन मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी सुमित कुमार द्वारा किया गया।




