
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। चंदौली मुगलसराय पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बिहार ले जाई जा रही 16.2 लीटर अंग्रेजी शराब के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 54 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
उच्चाधिकारियों के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत मुगलसराय थाना पुलिस वीआईपी गेट पर संदिग्ध व्यक्ति एवं वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि तीन युवक ओला स्विफ्ट डिजायर कार (UP65MT7990) से उतरकर पीठू बैग में अंग्रेजी शराब लेकर पार्सल गेट के रास्ते रेलवे स्टेशन के अंदर होकर बिहार जाने की तैयारी में हैं।
सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस ने पार्सल गेट के पास घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान तीनों के बैग से 8 पीएम गोल्ड अंग्रेजी शराब के 90 पाउच (प्रत्येक 180 एमएल) बरामद हुए। कुल बरामद शराब 16.2 लीटर है।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे मुगलसराय से शराब खरीदकर बिहार ले जाते थे, जहां अधिक कीमत पर बेचकर अवैध मुनाफा कमाते थे। पुलिस ने तीनों को शनिवार सुबह करीब 10:55 बजे गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपी बिहार के नवादा जिले के निवासी हैं। इनमें आर्यन राज (21 वर्ष) निवासी सुखनर, थाना सिरदल्ला, राजू कुमार (19 वर्ष) निवासी बरियो, थाना नारदीगंज तथा राजीव रंजन (21 वर्ष) निवासी गोपालपुर, थाना नेमदारगंज शामिल हैं।
इस संबंध में थाना मुगलसराय पर मु0अ0सं0-322/2026 के तहत धारा 60 आबकारी अधिनियम में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई को थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह, उपनिरीक्षक मुन्शी यादव एवं कांस्टेबल राकेश यादव की पुलिस टीम ने अंजाम दिया।




