
- Pankaj Jha ki kalam se✍️✍️
गाजीपुर/सेवराई (मगरखाई)। क्षेत्र के मगरखाई गांव में पिछले करीब छह माह से राजकीय ट्यूबवेल बंद पड़े होने के कारण किसानों को भीषण सिंचाई संकट का सामना करना पड़ रहा है। समय पर पानी नहीं मिलने से खेतों में खड़ी फसलें सूखने की कगार पर पहुंच गई हैं, जिससे किसानों की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है।
किसानों का कहना है कि ट्यूबवेल खराब होने की सूचना कई बार संबंधित विभाग के अधिकारियों को दी गई, लेकिन अब तक मरम्मत के लिए कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया। विभागीय उदासीनता के चलते खेती पूरी तरह प्रभावित हो रही है और किसान निजी संसाधनों से सिंचाई करने को मजबूर हैं, जिससे उनकी लागत भी बढ़ रही है।

ग्रामीणों का आरोप है कि यदि समय रहते ट्यूबवेल की मरम्मत करा दी जाती तो हजारों बीघा कृषि भूमि की सिंचाई सुचारु रूप से हो सकती थी। अब धान समेत अन्य फसलों पर संकट गहराने लगा है और किसानों को भारी आर्थिक नुकसान की आशंका सता रही है।
ग्रामीणों और किसानों ने प्रशासन तथा सिंचाई विभाग से तत्काल हस्तक्षेप कर बंद पड़े राजकीय ट्यूबवेल को जल्द से जल्द चालू कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो क्षेत्र के किसानों को भारी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ेगा और कृषि उत्पादन पर भी प्रतिकूल असर पड़ेगा।





