
- Pankaj jha…✍️✍️
वाराणसी। पुलिस आयुक्त वाराणसी के अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई के निर्देशों के क्रम में थाना लंका पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 9 ग्राम अवैध हेरोइन के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त काशी जोन के निर्देशन, अपर पुलिस उपायुक्त काशी जोन के पर्यवेक्षण तथा सहायक पुलिस आयुक्त भेलूपुर एवं प्रभारी निरीक्षक थाना लंका के नेतृत्व में शनिवार (04 जुलाई 2026) को की गई।
पुलिस टीम क्षेत्र में प्रमुख चौराहों, तिराहों एवं संदिग्ध स्थानों पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सामनेघाट से मदरवा की ओर गश्त करते हुए शिवाजी नगर कॉलोनी, चित्तूपुर, सामनेघाट स्थित बड़ी फील्ड के पास एक खंडहर के निकट दो पुरुष और एक महिला संदिग्ध अवस्था में खड़े दिखाई दिए। पुलिस को अपनी ओर आते देख तीनों तेजी से वहां से निकलने लगे। रोकने का प्रयास करने पर उन्होंने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस टीम ने घेराबंदी कर तीनों को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी श्रीप्रकाश उपाध्याय ने बताया कि वह अपने साथी मनोज चौरसिया के साथ महिला से हेरोइन खरीदकर उसकी छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर बेचते थे। वह लोग उसी उद्देश्य से वहां आए थे, लेकिन पुलिस को देखकर घबरा गए और भागने का प्रयास किया।
गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से कुल 9 ग्राम अवैध हेरोइन बरामद की गई। इस संबंध में थाना लंका पर मु0अ0सं0 0317/2026 के तहत धारा 8/21/29 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।





