
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। चंदौली पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने शुक्रवार को पुलिस कार्यालय में आयोजित जनता दर्शन के दौरान विभिन्न थाना क्षेत्रों से आए फरियादियों की समस्याएं सुनीं और उनके त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान एसपी ने प्राप्त प्रार्थना-पत्रों पर संबंधित थाना प्रभारियों और राजपत्रित पुलिस अधिकारियों से स्वयं वार्ता कर शिकायतों के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतों का निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण निस्तारण और लोगों को न्याय दिलाना चंदौली पुलिस की प्राथमिकता है।
एसपी ने अधीनस्थ अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई में आने वाले सभी नागरिकों और फरियादियों के साथ शिष्ट एवं विनम्र व्यवहार किया जाए तथा प्रत्येक शिकायत की गंभीरता से जांच कर गुण-दोष के आधार पर विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार की जनसुनवाई में कुल 42 प्रार्थना-पत्र प्राप्त हुए, जिनके निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक निर्देश जारी किए गए।




