
- Pankaj Jha..✍️
वाराणसी। अयोध्या की रुदौली विधानसभा में आयोजित एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जो लोग कभी रामभक्तों और कारसेवकों पर गोलियां चलवाते थे, वही आज रामभक्तों के सम्मान की बातें कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर दोहरे चरित्र का आरोप लगाते हुए कहा कि जनता सब कुछ देख रही है और सच्चाई से भलीभांति परिचित है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रीराम जन्मभूमि पर भव्य मंदिर निर्माण के लिए सदियों तक संघर्ष करना पड़ा, लेकिन कांग्रेस ने हर स्तर पर मंदिर निर्माण में बाधाएं उत्पन्न करने का प्रयास किया। उन्होंने आरोप लगाया कि भगवान श्रीराम के अस्तित्व तक पर सवाल उठाने वाले लोग आज अयोध्या और रामभक्तों के हितैषी बनने का दिखावा कर रहे हैं।
राम मंदिर चढ़ावा प्रकरण का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि मंदिर ट्रस्ट के अनुरोध पर एसआईटी जांच गठित की गई है और पूरी प्रक्रिया निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से आगे बढ़ रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जांच में “दूध का दूध और पानी का पानी” हो जाएगा तथा दोषी चाहे कोई भी हो, उसे किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
योगी आदित्यनाथ ने लोगों से अपील की कि जांच पूरी होने तक अनर्गल बयानबाजी से बचें और अयोध्या की गरिमा तथा करोड़ों रामभक्तों की आस्था को ठेस पहुंचाने का प्रयास न करें। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ तत्व सुनियोजित तरीके से अयोध्या की छवि धूमिल करने में लगे हुए हैं।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन के माध्यम से स्पष्ट संदेश दिया कि रामभक्तों की आस्था, श्रीराम जन्मभूमि मंदिर की प्रतिष्ठा और अयोध्या की गरिमा के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार श्रद्धा, विश्वास और सांस्कृतिक विरासत की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।




