
- रिपोर्ट: प्रतीक वार्ष्णेय
हाथरस। जनपद के थाना हाथरस गेट क्षेत्र स्थित भूरा नगला में गुरुवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। एक विवाहिता का शव घर के अंदर संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला, जबकि पास ही एक युवक फांसी के फंदे पर लटका हुआ मिला। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई और लोगों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई।

स्थानीय लोगों के अनुसार मृतक युवक और विवाहिता के बीच कथित रूप से प्रेम संबंधों की चर्चा लंबे समय से चल रही थी। बताया जा रहा है कि विवाहिता का पति काम पर गया हुआ था। इसी दौरान युवक घर में पहुंचा। आशंका जताई जा रही है कि किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद विवाहिता की मौत हो गई और युवक ने भी फंदे पर लटककर अपनी जान दे दी। हालांकि घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।

घटना का पता तब चला जब पति काम से वापस लौटा। काफी देर तक दरवाजा खटखटाने के बावजूद कोई जवाब नहीं मिला। संदेह होने पर वह किसी तरह घर के अंदर पहुंचा तो सामने का दृश्य देखकर उसके होश उड़ गए। उसकी पत्नी मृत अवस्था में पड़ी थी, जबकि एक युवक फंदे से लटका हुआ था। वहीं पास में डेढ़ साल की मासूम बच्ची रोती हुई मिली।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। इस दोहरी मौत ने पूरे क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म कर दिया है। लोग रिश्तों में विश्वास, पारिवारिक तनाव और प्रेम संबंधों को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं।
क्षेत्राधिकारी सदर हिमांशु माधुर ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।





