
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक उदय बोरवणकर ने मंडल रेल प्रबंधक वाराणसी आशीष जैन सहित वरिष्ठ अधिकारियों के साथ छपरा जंक्शन का निरीक्षण किया। उन्होंने अमृत भारत स्टेशन पुनर्विकास योजना के तहत चल रहे कार्यों की प्रगति की समीक्षा कर गुणवत्ता एवं समयबद्धता के साथ कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म, फुट ओवर ब्रिज, सेकेंड एंट्री, स्वच्छता व्यवस्था एवं यात्री सुविधाओं का जायजा लिया तथा भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था को और सुदृढ़ करने पर जोर दिया। उन्होंने फूड वेंडिंग स्टॉलों की भी जांच कर यात्रियों को स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने आगामी 19 जून को छपरा–आनंद विहार टर्मिनल एवं मऊ–आनंद विहार टर्मिनल नई ट्रेनों के शुभारंभ कार्यक्रम की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा की तथा सभी व्यवस्थाओं को सुचारु रूप से संपन्न कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान रेलवे के विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।




