
- रिपोर्ट: पंकज झा
गाजीपुर: जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत मरदह थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पॉक्सो एक्ट एवं अन्य गंभीर धाराओं में वांछित चल रहे आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस, मोटरसाइकिल तथा नकदी बरामद हुई है।
पुलिस के अनुसार 17 जून 2026 को प्रभारी निरीक्षक तारावती यादव अपनी टीम के साथ करहर बुजुर्ग तिराहे पर चेकिंग अभियान चला रही थीं। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि थाना मरदह पर दर्ज पॉक्सो एक्ट एवं अन्य गंभीर धाराओं के मुकदमे में वांछित आरोपी संतोष यादव क्षेत्र में मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया।
पुलिस का दावा है कि खुद को घिरा देख आरोपी संतोष यादव ने पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस द्वारा आत्मरक्षा में की गई फायरिंग के दौरान आरोपी के दोनों पैरों में गोली लग गई, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने तत्काल उसे कब्जे में लेकर उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मरदह भेज दिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान संतोष यादव (40 वर्ष) पुत्र उमाशंकर यादव निवासी ग्राम देवरिया थाना जमानिया, वर्तमान निवासी वयेपुर देवकली थाना कोतवाली, जनपद गाजीपुर के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक तमंचा 315 बोर, एक जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस, एक अपाचे मोटरसाइकिल तथा 750 रुपये नकद बरामद किए गए।
बरामदगी के आधार पर आरोपी के खिलाफ मरदह थाने में धारा 109(1) बीएनएस तथा 3/25/27 आर्म्स एक्ट के तहत एक और मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई में जुटी हुई है।
पुलिस ने बताया कि घटना के खुलासे में यक्ष एप की भी मदद ली गई। पूर्व में जेल जा चुके अपराधियों की सूची तैयार कर उनकी गतिविधियों की गहन जांच-पड़ताल की गई, जिसके आधार पर आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी संभव हो सकी।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी के विरुद्ध पूर्व से लूट, धोखाधड़ी, जालसाजी समेत कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पूरी कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक तारावती यादव के नेतृत्व में मरदह थाना पुलिस टीम द्वारा संपन्न की गई।




