
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
लखनऊ। शहर में यात्रियों की सुरक्षा और अवैध ई-रिक्शा पर नियंत्रण के लिए ‘ऑपरेशन सेफ राइड’ अभियान तेजी से चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत सभी ई-रिक्शा स्वामियों और चालकों का सत्यापन कराया जा रहा है।
सत्यापन के बाद प्रत्येक चालक का डाटा जनरेट कर एक क्यूआर कोड तैयार किया जाएगा। यह क्यूआर कोड ई-रिक्शा में चस्पा किया जाएगा, जिससे पुलिस और यात्री आसानी से चालक की पहचान कर सकेंगे।
अभियान को सफल बनाने के लिए डीसीपी पश्चिम कमलेश कुमार दीक्षित के नेतृत्व में नाका पुलिस भी मैदान में उतरी। इंस्पेक्टर नाका अभिनव वर्मा के मार्गदर्शन में गणेशगंज चौकी इंचार्ज अजीत राय, अमजद अली और नाका पुलिस टीम ने विभिन्न क्षेत्रों में ई-रिक्शा चालकों के दस्तावेजों की जांच की।
पुलिस का कहना है कि सत्यापन न कराने वाले चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। ‘ऑपरेशन सेफ राइड’ का मकसद शहर में ई-रिक्शा संचालन को पारदर्शी और सुरक्षित बनाना है।





