
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। उत्तर प्रदेश पुलिस नागरिक पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से रामनगर पुलिस ने विशेष अभियान चलाया। प्रभारी निरीक्षक संजय मिश्रा के नेतृत्व में किला रोड पर किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाया गया, ताकि आम नागरिकों तथा परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
अभियान के दौरान पुलिस टीम ने सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को तत्काल हटवाया और संबंधित लोगों को कड़ी चेतावनी दी। पुलिस ने स्पष्ट किया कि भविष्य में दोबारा अतिक्रमण किए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
प्रभारी निरीक्षक संजय मिश्रा ने बताया कि भर्ती परीक्षा के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखना तथा परीक्षार्थियों को समय से परीक्षा केंद्र तक पहुंचाना पुलिस की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से यह कार्रवाई की गई है।
स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए इसे जनहित में उठाया गया महत्वपूर्ण कदम बताया।
परीक्षार्थियों और आमजन की सुविधा के लिए चलाए गए इस विशेष अभियान के तहत पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि सार्वजनिक मार्गों पर अतिक्रमण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।




