
- रिपोर्ट: पंकज झा
बलिया। अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत आधुनिक स्वरूप में विकसित किए जा रहे बलिया रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास कार्यों का शनिवार को मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) वाराणसी आशीष जैन ने निरीक्षण किया। इस दौरान भारत सरकार के परियोजना निगरानी समूह (पीएमजी) के अधिकारियों के साथ उन्होंने स्टेशन पर चल रहे विभिन्न निर्माण एवं अधोसंरचना विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डीआरएम आशीष जैन के साथ परियोजना निगरानी समूह के प्रबंधक श्वेतांक सिन्हा, एसोसिएट पीएमजी पारुल श्रीवास्तव, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर विनीत कुमार, मंडल संरक्षा अधिकारी अभिषेक कुमार सिंह, मंडल सिग्नल एवं दूरसंचार इंजीनियर पुष्पेंद्र वैश, मंडल विद्युत इंजीनियर दीपक यादव, उप मुख्य इंजीनियर (निर्माण) दीपक पांडेय तथा सहायक मंडल परिचालन प्रबंधक एस.के. राय सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
अधिकारियों ने स्टेशन परिसर में निर्माणाधीन 12 मीटर चौड़े फुटओवर ब्रिज, सर्कुलेटिंग एरिया के विकास कार्य, यात्री प्रतीक्षालय के उन्नयन, महिला, पुरुष एवं दिव्यांग शौचालयों, वीआईपी कक्ष, प्रकाश एवं पेयजल व्यवस्था, पार्किंग स्थल तथा सेकंड एंट्री सर्कुलेटिंग एरिया के निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, प्रगति और यात्रियों को मिलने वाली सुविधाओं का भी मूल्यांकन किया गया।
इसके बाद स्टेशन परिसर में परियोजना निगरानी समूह और रेलवे अधिकारियों की एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्टेशन के आधुनिकीकरण, यात्री सुविधाओं के विस्तार, प्लेटफॉर्म विकास, परिसंचरण क्षेत्र के सुधार, स्वच्छता व्यवस्था, विद्युत एवं सिग्नल संबंधी कार्यों सहित विभिन्न परियोजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। अधिकारियों ने निर्धारित समयसीमा के भीतर परियोजनाओं को पूरा करने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी प्रस्तुत की।
डीआरएम आशीष जैन ने सभी विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा गुणवत्ता मानकों का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बलिया स्टेशन का विकास यात्रियों को बेहतर, सुरक्षित और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा करने, संभावित बाधाओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने तथा परियोजनाओं की नियमित निगरानी करने पर जोर दिया।
उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि निर्माण कार्यों की गति बनाए रखते हुए गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न किया जाए, ताकि निर्धारित समयसीमा में स्टेशन को नए और आधुनिक स्वरूप में विकसित किया जा सके। समीक्षा बैठक में परियोजनाओं की प्रगति पर निरंतर नजर रखने और समय-समय पर उनकी समीक्षा करने का निर्णय लिया गया।
अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत बलिया रेलवे स्टेशन पर चल रहे विकास कार्यों के पूरा होने के बाद यात्रियों को बेहतर सुविधाएं, सुगम आवागमन और आधुनिक रेलवे सेवाओं का लाभ मिलेगा।





