
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर 11वीं वाहिनी, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), वाराणसी द्वारा उपमहानिरीक्षक श्री मनोज कुमार शर्मा के मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में वृहद पौधारोपण अभियान का आयोजन किया गया। इस अभियान के अंतर्गत वाहिनी मुख्यालय वाराणसी के साथ-साथ साहूपुरी (चंदौली), गोरखपुर एवं लखनऊ (उत्तर प्रदेश) तथा भोपाल (मध्य प्रदेश) स्थित क्षेत्रीय प्रतिक्रिया केंद्रों में भी पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए।
अभियान के दौरान एनडीआरएफ के बचावकर्मियों द्वारा वाहिनी मुख्यालय, क्षेत्रीय प्रतिक्रिया केंद्रों तथा अन्य सार्वजनिक स्थलों पर लगभग 1500 फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण किया गया। पर्यावरण संरक्षण एवं हरित आवरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित इस अभियान में एनडीआरएफ के सभी कार्मिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।विश्व पर्यावरण दिवस का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण को प्रोत्साहित करना तथा पृथ्वी को भावी पीढ़ियों के लिए सुरक्षित एवं समृद्ध बनाना है।

वर्ष 2026 के विश्व पर्यावरण दिवस की थीम “प्रकृति से प्रेरित, जलवायु के लिए, हमारे भविष्य के लिए” है।इस अवसर पर उपमहानिरीक्षक श्री मनोज कुमार शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि आज पृथ्वी विभिन्न प्राकृतिक संकेतों के माध्यम से मानव समाज को चेतावनी दे रही है। समुद्र के बढ़ते जलस्तर, भीषण वनाग्नि, अत्यधिक गर्मी, अनियमित वर्षा तथा पिघलते ग्लेशियर जलवायु परिवर्तन के गंभीर दुष्प्रभावों के स्पष्ट उदाहरण हैं। ऐसे समय में वृक्षारोपण एवं पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सामूहिक प्रयास अत्यंत आवश्यक हैं।
उन्होंने सभी कार्मिकों एवं नागरिकों से अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण को बढ़ावा देने तथा सतत एवं समावेशी विकास की अवधारणा को अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि एनडीआरएफ का यह अभियान पर्यावरण संरक्षण के प्रति संगठन की प्रतिबद्धता एवं सामाजिक उत्तरदायित्व का प्रतीक है। इस प्रकार के प्रयास न केवल हरित भारत के निर्माण में सहायक सिद्ध होंगे, बल्कि आमजन को भी पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक एवं प्रेरित करेंगे।
- विश्व पर्यावरण दिवस पर वाराणसी मंडल में 530 पौधों का रोपण
विश्व पर्यावरण दिवस 2026 के अवसर पर पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल में पर्यावरण संरक्षण एवं जन-जागरूकता से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के निर्देशन तथा वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर (Enhm) अभिषेक राय के नेतृत्व में मंडल के प्रमुख रेलवे स्टेशनों एवं कार्यालय परिसरों में कुल 530 पौधों का रोपण किया गया। इस दौरान स्वास्थ्य निरीक्षकों, संविदा कर्मचारियों एवं अन्य प्रतिभागियों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।विश्व पर्यावरण दिवस के साथ ही 15 मई से 5 जून तक आयोजित पर्यावरण संरक्षण पखवाड़े का भी समापन हुआ। इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले स्वास्थ्य निरीक्षकों, संविदा कर्मचारियों एवं प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।

जलवायु परिवर्तन (क्लाइमेट चेंज) थीम पर आयोजित इस अभियान के तहत मिशन लाइफ के अंतर्गत वृक्षारोपण, पर्यावरण अनुकूल प्रदर्शनी, ड्राइंग प्रतियोगिता तथा अन्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। यात्रियों एवं आमजन को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाए गए तथा एकल-उपयोग प्लास्टिक के विकल्प के रूप में कपड़े के थैलों का वितरण किया गया।
अभियान के दौरान विभिन्न रेलवे स्टेशनों एवं परिसरों में व्यापक स्तर पर पौधारोपण कर स्वच्छ एवं हरित पर्यावरण के लिए जनभागीदारी सुनिश्चित की गई। इस प्रकार जलवायु परिवर्तन थीम पर आधारित विश्व पर्यावरण दिवस अभियान का सफलतापूर्वक समापन हुआ, जिससे पर्यावरण संरक्षण एवं सतत विकास के प्रति जागरूकता को बढ़ावा मिला।





