
- रिपोर्ट: प्रतीक वार्ष्णेय
हाथरस। जिला अस्पताल हाथरस परिसर स्थित कबाड़ स्टोर में मंगलवार को अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी। देखते ही देखते स्टोर से धुआं और आग की लपटें उठने लगीं।
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई और करीब 15 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। आग लगने से स्टोर में रखा पुराना सामान जलकर राख हो गया।
बताया गया कि अस्पताल परिसर में लगी फायर सेफ्टी व्यवस्था मौके पर बेकार साबित हुई, क्योंकि उसे चलाने वाला कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था। इससे अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्थाओं पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। घटना के बाद अस्पताल प्रशासन और कर्मचारियों में हड़कंप मचा रहा। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।





