
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। पूर्वोत्तर रेलवे, वाराणसी मंडल में मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन की अध्यक्षता एवं वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (Enhm) श्री अभिषेक राय के नेतृत्व में विश्व पर्यावरण दिवस 2026 के उपलक्ष्य में 15 मई से 05 जून 2026 तक चल रहे पर्यावरण संरक्षण अभियान के अंतर्गत विभिन्न जनजागरूकता एवं पर्यावरण संरक्षण कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इसी क्रम में बनारस रेलवे स्टेशन पर मिशन लाइफ के अंतर्गत स्टेशन परिसर के सर्कुलेटिंग एरिया स्थित पार्क में मंडल रेल प्रबंधक श्री आशीष जैन ने मंडलीय अधिकारियों के साथ वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इसके साथ ही उन्होंने स्टेशन के सामान्य यात्री हाल में लगी पर्यावरण अनुकूल प्रदर्शनी का निरीक्षण भी किया।
यात्री हाल में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में मंडल रेल प्रबंधक ने रेल परिवार के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं यात्रियों को विश्व पर्यावरण दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि संयुक्त राष्ट्र महासभा द्वारा 1972 में 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस के रूप में नामित किया गया था तथा 1974 में पहली बार इसे मनाया गया। उन्होंने बताया कि वर्ष 2026 का मुख्य विषय जलवायु परिवर्तन पर केंद्रित है, जो वर्तमान समय की सबसे बड़ी वैश्विक चुनौती है।
उन्होंने अपने संबोधन में प्लास्टिक प्रदूषण को गंभीर समस्या बताते हुए एकल-उपयोग प्लास्टिक को कम करने, पुनर्चक्रण को बढ़ावा देने तथा पर्यावरण अनुकूल एवं बायोडिग्रेडेबल विकल्प अपनाने पर जोर दिया। साथ ही उन्होंने कहा कि प्रकृति ही जीवन का आधार है और स्वच्छ पर्यावरण ही स्वस्थ जीवन की कुंजी है। इस अवसर पर निबंध एवं ड्राइंग प्रतियोगिता में भाग लेने वाले कर्मचारियों को मंडल रेल प्रबंधक द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही भारत स्काउट एंड गाइड, जिला संघ वाराणसी के सदस्यों द्वारा “जल और ऊर्जा संरक्षण” एवं “प्लास्टिक प्रदूषण को हराएँ” विषय पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर यात्रियों को जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के दौरान अपर मंडल रेल प्रबंधक (इन्फ्रा) अजय सिंह, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डा. आर.जे. चौधुरी, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (Enhm) अभिषेक राय, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (C&W) अभिनव पाठक, वरिष्ठ मंडल वित्त प्रबंधक श्री राजेश कुमार, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर विनीत कुमार, वरिष्ठ मंडल सिगनल एवं दूरसंचार इंजीनियर रजत प्रिय, सहायक मंडल इंजीनियर (नगर) ए.के. पाण्डेय सहित अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
इसके अतिरिक्त वाराणसी सिटी स्टेशन के निकट समपार संख्या-25 स्पेशल पर वाहन चालकों के लिए ईंधन बचत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान उन्हें रेड सिग्नल या फाटक बंद होने की स्थिति में इंजन बंद रखने तथा डीजल-पेट्रोल की बचत करने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अभियान में स्टेशन अधीक्षक ई. एच. हाशमी, स्टेशन मास्टर पुष्पराज सिंह, स्वास्थ्य निरीक्षक राजू यादव सहित कई कर्मचारियों ने सक्रिय योगदान दिया।





