
लखनऊ, 4 जून 2026। डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान, गोमती नगर, लखनऊ में गुरुवार को रेस्पिरेटरी विभाग की कोर कमेटी की बैठक संस्थान के निदेशक प्रो. डॉ. सी.एम. सिंह की अध्यक्षता में आयोजित की गई।
बैठक में डीटीओ डॉ. अतुल कुमार सिंघल, डॉ. अजय वर्मा, विभागाध्यक्ष डॉ. मनीष कुमार, नोडल अधिकारी डॉ. सुलक्षणा गौतम, एनटीईपी (राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम) कंसल्टेंट तथा टीबी विभाग के कर्मचारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान टीबी मरीजों के उपचार, दवा उपलब्धता तथा जांच व्यवस्था को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। मरीजों को समय पर और बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न विभागों के बीच आपसी समन्वय बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया।
अधिकारियों ने सभी विभागों से संभावित टीबी मरीजों की शीघ्र पहचान कर उनकी जांच कराने के निर्देश दिए, ताकि रोग का समय रहते उपचार सुनिश्चित किया जा सके। साथ ही राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम के तहत निर्धारित टीबी उन्मूलन लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए चिकित्सकों एवं कर्मचारियों को सक्रिय रूप से कार्य करने का आह्वान किया गया।
बैठक में कहा गया कि संस्थान टीबी मुक्त भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है और मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।





