
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। विश्व पर्यावरण दिवस-2026 के अवसर पर पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल द्वारा “जल और ऊर्जा संरक्षण” थीम के तहत व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के निर्देशन एवं वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर (EnHM) अभिषेक राय के नेतृत्व में रेलवे स्टेशनों, कॉलोनियों और कार्यालय परिसरों में विभिन्न जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
अभियान के दौरान जल संरक्षण, ऊर्जा बचत, अपशिष्ट प्रबंधन और टिकाऊ पर्यावरणीय प्रथाओं को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया गया। स्वास्थ्य निरीक्षकों एवं संविदा कर्मचारियों ने लोगों को पानी के विवेकपूर्ण उपयोग, ऊर्जा संरक्षण के उपायों तथा पर्यावरण संरक्षण में सामुदायिक भागीदारी के महत्व के बारे में जागरूक किया।

रेलवे द्वारा ऑटोमेटिक कोच वाशिंग प्लांट (ACWP) सहित जल पुनर्चक्रण प्रणालियों का निरीक्षण किया गया तथा मिशन LiFE के तहत पर्यावरण अनुकूल जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया। इसके अलावा ई-वेस्ट के सुरक्षित निस्तारण, पुनर्चक्रण और खाद निर्माण जैसी गतिविधियों के प्रति भी लोगों को प्रेरित किया गया।

यह अभियान आजमगढ़, वाराणसी सिटी, बनारस, भटनी, बलिया, छपरा, देवरिया सदर, गाजीपुर सिटी, मऊ, प्रयागराज रामबाग, सीवान, बेल्थरा रोड और सलेमपुर सहित मंडल के प्रमुख स्टेशनों पर चलाया गया। कार्यक्रम में रेलवे अधिकारियों, कर्मचारियों, हाउसकीपिंग स्टाफ, रेल यात्रियों, वेंडरों और स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की।





