
-पांचवें मंगल पर जिला चिकित्सालय में विशाल भंडारे का आयोजन, प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राजेश सिंह ने किया शुभारंभ: उमड़ा भक्तों का सैलाब
- रिपोर्ट: अमित कुमार
अयोध्या: ज्येष्ठ माह के पांचवें मंगल के पावन अवसर पर जिला चिकित्सालय परिसर में भक्ति और सेवा का संगम देखने को मिला। प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राजेश सिंह द्वारा पूर्व सीएमओ कार्यालय गेट के बगल में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया।
बजरंगबली के पूजन से हुआ शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. राजेश सिंह ने बजरंगबली की प्रतिमा पर माथा टेककर एवं विधिवत पूजा-अर्चना के साथ किया। पूजन के पश्चात श्रद्धालुओं और आमजन में प्रसाद वितरण शुरू हुआ। पूरे परिसर में “जय हनुमान” के जयकारों से भक्तिमय वातावरण बना रहा।

बड़ी संख्या में हुई सहभागिता
भंडारे में अस्पताल के चिकित्सकों, कर्मचारियों के साथ-साथ बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने भी सहभागिता की। सभी ने पंगत में बैठकर श्रद्धा भाव से प्रसाद ग्रहण किया।

‘सामाजिक समरसता बढ़ाते हैं ऐसे आयोजन’: डॉ. राजेश सिंह
इस अवसर पर डॉ. राजेश सिंह ने कहा कि ज्येष्ठ माह के पांचवें मंगल का विशेष धार्मिक महत्व है। ऐसे आयोजन सामाजिक समरसता और सेवा भावना को बढ़ावा देते हैं। अस्पताल परिसर में भंडारा आयोजित करने का उद्देश्य मरीजों के तीमारदारों और जरूरतमंदों तक प्रसाद पहुंचाना भी है।

ये रहे उपस्थित
कार्यक्रम में नेत्र सर्जन डॉ. विपिन वर्मा, डॉ. आशीष पाठक, होम्योपैथिक चिकित्सक डॉ. रईस अहमद, फार्मासिस्ट संवर्ग से हनुमत दुबे, विजय वर्मा, संजीव गुप्ता, सहायक अखिलेश सिंह, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी एवं कोषाध्यक्ष ओमप्रकाश तिवारी, अध्यक्ष रामबली गुप्ता सहित नर्सिंग संवर्ग के कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने भंडारे की व्यवस्थाओं में बढ़-चढ़कर सहयोग किया और श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया। आयोजन को लेकर लोगों में विशेष उत्साह देखने को मिला।




