
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी कमिश्नरेट के गोमती ज़ोन अंतर्गत थाना बड़ागांव पुलिस ने ऑपरेशन चक्रव्यूह अभियान के तहत अपहरण के मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया तथा अपहृता को सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस की त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना की जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 23 मई 2026 को थाना बड़ागांव पुलिस टीम क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग के साथ-साथ गुमशुदा व्यक्तियों की तलाश में अभियान चला रही थी। इसी दौरान मुखबिर खास से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने मु0अ0सं0 0174/2026 धारा 137(2), 87 बीएनएस से संबंधित वांछित अभियुक्त सूरज कुमार पुत्र स्वर्गीय बचाऊ निवासी ग्राम वासुदेवपुर थाना शिवपुर, जनपद वाराणसी, उम्र लगभग 27 वर्ष को ग्राम वासुदेवपुर के पास से गिरफ्तार कर लिया।
अभियुक्त के कब्जे से अपहृता को भी सकुशल बरामद किया गया।बताया गया कि पीड़िता के पिता द्वारा 14 मई 2026 को थाना बड़ागांव में लिखित सूचना दी गई थी कि उनकी 17 वर्षीय पुत्री 11 मई 2026 को विद्यालय में मार्कशीट लेने के लिए घर से निकली थी, लेकिन काफी समय बीत जाने के बाद भी वापस नहीं लौटी। परिजनों ने रिश्तेदारों एवं संभावित स्थानों पर उसकी काफी तलाश की, किंतु कोई जानकारी नहीं मिल सकी। बाद में पता चला कि अभियुक्त युवती को बहला-फुसलाकर अपने साथ भगा ले गया है।
तहरीर के आधार पर थाना बड़ागांव में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। लगातार सुरागरसी एवं मुखबिर की सूचना के आधार पर आखिरकार पुलिस ने अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया और अपहृता को सुरक्षित बरामद करने में सफलता प्राप्त की।
मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।इस सफल कार्रवाई में उपनिरीक्षक पंकज सिंह चौहान, महिला आरक्षी आरती तथा थाना बड़ागांव पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




