तेजस्वी यादव पर भाजपा का हमला, अजय आलोक बोले- आरजेडी बन गई गुंडों की पार्टी

पटना में भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता अजय आलोक ने राष्ट्रीय जनता दल और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि आरजेडी और समाजवादी पार्टी जैसी पार्टियां “गुंडों की प्रमाणित पार्टियां” बन चुकी हैं और ऐसे लोग कानून-व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं जिनके खिलाफ पहले से चार्जशीट दाखिल है।
समाचार एजेंसी से बातचीत में अजय आलोक ने कहा कि अदालत पहले ही फैसला ले चुकी है और 9 जून को निर्णय आने वाला है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि संभव है 10-11 जून से कुछ नेताओं को जेल जाने की तैयारी करनी पड़े। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष कानून की प्रक्रिया का सम्मान नहीं करता, लेकिन राज्य की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाता है।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि बिहार में पहले क्या स्थिति थी, यह किसी से छिपा नहीं है, जबकि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में राज्य में लगातार सुधार देखने को मिल रहा है।
दिल्ली में बकरीद को लेकर जारी नई गाइडलाइंस पर प्रतिक्रिया देते हुए अजय आलोक ने कहा कि मुस्लिम धार्मिक और राजनीतिक नेताओं को गंभीरता से सोचना चाहिए कि कुछ नेता इस्लाम धर्म को बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस्लाम में कहीं भी गाय की कुर्बानी को अनिवार्य नहीं बताया गया है और ऐसे तत्वों को अलग-थलग किया जाना चाहिए।
वहीं, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ईरान के साथ परमाणु समझौते और संघर्ष-विराम की संभावना वाले बयान पर अजय आलोक ने सकारात्मक प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि पूरी दुनिया शांति चाहती है और युद्ध से केवल आम लोगों को नुकसान होता है। भाजपा प्रवक्ता ने उम्मीद जताई कि ट्रंप की पहल से मध्य पूर्व में स्थायी शांति स्थापित हो सकेगी।




