
- अयोध्या से अमित कुमार की रिपोर्ट
भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पेट्रोल, डीजल और सीएनजी की बढ़ती कीमतों तथा महंगाई के विरोध में अयोध्या में जोरदार प्रदर्शन किया। जिला एवं महानगर कांग्रेस कमेटी अयोध्या के संयुक्त तत्वावधान में कांग्रेस कार्यालय कमला नेहरू भवन पर बड़ी संख्या में कांग्रेसजन एकत्रित हुए।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हाथों में सरकार विरोधी पोस्टर और गैस सिलेंडर लेकर भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं ने पेट्रोलियम पदार्थों और घरेलू गैस सिलेंडर के बढ़े हुए दाम तत्काल वापस लेने की मांग की।
प्रदर्शनकारी कांग्रेस कार्यकर्ता कांग्रेस कार्यालय से आगे बढ़ते हुए रिकाबगंज चौराहे की ओर पहुंचे, जहां पहले से तैनात भारी पुलिस बल ने उन्हें रोक लिया। बाद में मौके पर पहुंचे सिटी मजिस्ट्रेट ने राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन प्राप्त किया।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि लगातार बढ़ती महंगाई से आम जनता का जीवन प्रभावित हो रहा है और केंद्र सरकार महंगाई पर नियंत्रण करने में पूरी तरह विफल साबित हो रही है।





