
- रिपोर्ट: अमित कुमार
अयोध्या: किसान मसीहा चौधरी महेंद्र सिंह टिकैत की 15वीं पुण्यतिथि पर भाकियू टिकैत ने सेवा और संघर्ष दोनों का संदेश दिया। सिविल लाइन के लीची पार्क में श्रद्धांजलि सभा के बाद कार्यकर्ताओं ने जिला अस्पताल पहुंचकर मरीजों को फल बांटे, रक्तदान किया और फिर किसानों की समस्याओं पर गोष्ठी कर प्रशासन को ज्ञापन थमा दिया।
महिला जिलाध्यक्ष की अगुवाई में हुआ कार्यक्रम
भारतीय किसान यूनियन टिकैत की जिला इकाई ने महिला जिलाध्यक्ष सुमन पांडेय के नेतृत्व में संस्थापक को याद किया। प्रदेश सचिव श्रीराम वर्मा समेत तमाम पदाधिकारी जिला अस्पताल पहुंचे। मरीजों से मिलकर उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की और फल वितरित किए। कई कार्यकर्ताओं ने रक्तदान कर टिकैत के सेवा-भाव को जमीन पर उतारा।
‘टिकैत के सिद्धांतों पर चलकर करेंगे जनसेवा’
प्रदेश सचिव श्रीराम वर्मा ने कहा कि हमने संकल्प लिया है कि चौधरी साहब के सिद्धांतों पर चलते हुए जन-जन की सेवा करेंगे। अस्पताल में सेवा के बाद लीची पार्क में किसानों की समस्याओं पर गोष्ठी हुई।
पदाधिकारियों ने दो टूक कहा कि किसानों के मुद्दों का समाधान सरकार की प्राथमिकता में होना चाहिए।
प्रशासन को सौंपा मांग पत्र
गोष्ठी के बाद संगठन ने किसानों की मांगों से जुड़ा ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपा। इस मौके पर तहसील अध्यक्ष शिवकुमार, महानगर अध्यक्ष बाबूराम, ब्लॉक अध्यक्ष सुषमा, रामलली, जनमलली, तुलसीराम, राधिका, सपना, अनीता, रेखा, मालती, कन्हैया, शिव कुमारी समेत बड़ी संख्या में किसान, कार्यकर्ता और महिलाएं मौजूद रहीं।




