
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी: चन्दौली जनगणना 2027 को सफल बनाने के उद्देश्य से चन्दौली प्रशासन द्वारा स्व-गणना (Self Enumeration) अभियान को लेकर व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। जिलाधिकारी एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी चन्द्र मोहन गर्ग ने जनपदवासियों से इस महत्वपूर्ण अभियान में बढ़-चढ़कर सहभागिता करने की अपील की है।जिलाधिकारी ने कहा कि भारत सरकार द्वारा पहली बार नागरिकों को स्वयं अपने मोबाइल फोन, लैपटॉप अथवा कम्प्यूटर के माध्यम से डिजिटल जनगणना करने की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इससे पूरी प्रक्रिया अधिक सरल, पारदर्शी और समयबद्ध बनेगी।
उन्होंने बताया कि जनपद में स्व-गणना का कार्य प्रारम्भ हो चुका है तथा प्रशासन का लक्ष्य अधिक से अधिक नागरिकों को इस डिजिटल अभियान से जोड़ना है। उन्होंने सभी अधिकारियों, कर्मचारियों, युवाओं, सामाजिक संगठनों एवं जनप्रतिनिधियों से पूरे उत्साह और जिम्मेदारी के साथ अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया।जिलाधिकारी ने कहा कि स्व-गणना का कार्य 21 मई 2026 तक किया जा सकेगा। इसके लिए नागरिकों को जनगणना पोर्टल पर अपने मोबाइल नंबर के माध्यम से पंजीकरण करना होगा।
इसके बाद 22 मई से 20 जून 2026 तक प्रगणक दल घर-घर पहुंचकर मकान सूचीकरण एवं गणना कार्य सम्पन्न करेंगे। प्रशासन द्वारा ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में लोगों को जागरूक करने के लिए विशेष अभियान भी चलाया जा रहा है, ताकि कोई भी व्यक्ति जनगणना प्रक्रिया से वंचित न रह जाए।
जिलाधिकारी चन्द्र मोहन गर्ग ने कहा कि जनगणना केवल आंकड़ों का संग्रह नहीं, बल्कि देश की विकास योजनाओं की आधारशिला है। शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, रोजगार और आधारभूत सुविधाओं से जुड़ी नीतियों एवं योजनाओं के निर्माण में जनगणना की अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका होती है।
उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि वे स्वयं स्व-गणना करें तथा अपने परिवार, पड़ोस और ग्रामीण क्षेत्रों में भी लोगों को इसके प्रति जागरूक करें। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी से ही जनगणना 2027 को सफल बनाया जा सकता है और जनपद के विकास को नई गति दी जा सकती है।




