
रांची : भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) से संबद्ध झारखंड राज्य क्रिकेट एसोसिएशन (JSCA) ने झारखंड T20 क्रिकेट लीग के विकास के लिए SJ Uplift को नियुक्त करने की घोषणा की है। यह साझेदारी सात वर्षों के लिए होगी और इसकी शुरुआत पहले सीजन से होगी, जिसमें छह फ्रेंचाइज़ी टीमें हिस्सा लेंगी।
SJ Uplift लीग के संचालन और व्यावसायिक पहलुओं की पूरी जिम्मेदारी संभालेगा। इसके तहत फ्रेंचाइज़ी इकोसिस्टम का निर्माण और विस्तार, स्पॉन्सरशिप व मीडिया राइट्स के जरिए कमर्शियल पार्टनरशिप बढ़ाना, और लीग के ब्रांड व इंटेलेक्चुअल प्रॉपर्टी (IP) को विकसित करना शामिल है।
JSCA के अध्यक्ष अजय नाथ शाहदेव ने कहा कि यह कदम झारखंड में एक पेशेवर और सुव्यवस्थित T20 लीग स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा, “फ्रेंचाइज़ी आधारित स्पोर्ट्स प्रॉपर्टी को सफलतापूर्वक संचालित करने में SJ Uplift की विशेषज्ञता हमारे विजन के अनुरूप है, जिससे राज्य में एक मजबूत और टिकाऊ क्रिकेट प्लेटफॉर्म तैयार होगा।”
वहीं SJ Uplift के संस्थापक और निदेशक संभव जैन ने इसे एक बड़ा अवसर बताते हुए कहा कि यह भारत में क्षेत्रीय स्तर पर संगठित खेल लीग विकसित करने की दिशा में अहम कदम है। उन्होंने कहा कि कंपनी का फोकस मजबूत ऑपरेशनल प्लानिंग, फ्रेंचाइज़ी भागीदारी और दीर्घकालिक स्थिरता के साथ एक सशक्त लीग ढांचा तैयार करने पर रहेगा।
SJ Uplift इससे पहले भी देशभर में कई लीग और टूर्नामेंट विकसित कर चुका है, जिनमें उत्तर प्रदेश कबड्डी लीग (UPKL) शामिल है। कंपनी का लक्ष्य भविष्य में भी फ्रेंचाइज़ी आधारित स्पोर्ट्स इकोसिस्टम को मजबूत करना और क्षेत्रीय खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना है।





