
नोएडा। Noida Sector 20 Police Station पुलिस ने ज्वेलरी चोरी की एक बड़ी वारदात का खुलासा करते हुए दो महिला अभियुक्ताओं को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से करीब 20 लाख रुपये मूल्य के चोरी किए गए आभूषण और वारदात में प्रयुक्त कार बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 23 अप्रैल को CaratLane के DLF Mall of India स्थित स्टोर के मैनेजर ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में स्टोर से महंगे आभूषण चोरी होने की जानकारी दी गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने मैनुअल इंटेलिजेंस और तकनीकी साक्ष्यों की मदद ली। इसके बाद बुधवार को पुलिस टीम ने डीएलएफ मॉल के पास से दोनों महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रिद्धि उर्फ रचना (30 वर्ष) और सरिता गौतम (56 वर्ष) के रूप में हुई है, जो दिल्ली के महेन्द्रा पार्क इलाके की रहने वाली हैं। पुलिस ने बताया कि इनके पास से 2 पीली धातु की चूड़ियां, 1 पीली व सफेद धातु की चूड़ी, 4 ब्रेसलेट और 3 अंगूठियां बरामद की गई हैं। साथ ही वारदात में इस्तेमाल की गई आई-10 कार भी जब्त की गई है।
जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों आरोपी शातिर किस्म की अपराधी हैं और इनके खिलाफ पहले भी चोरी के मामले दर्ज हैं। वर्ष 2020 में रिठाला मेट्रो थाना क्षेत्र और 2023 में जनकपुरी थाना क्षेत्र में इनके खिलाफ मुकदमे दर्ज हो चुके हैं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, दोनों महिलाओं से पूछताछ जारी है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि वे किसी बड़े गिरोह से जुड़ी हैं या अन्य वारदातों में भी शामिल रही हैं।





