
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। चंदौली में जिला स्तरीय सार्वजनिक वितरण एवं सतर्कता समिति की महत्वपूर्ण बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में खाद्यान्न सिंगल स्टेज डोर स्टेप डिलीवरी व्यवस्था की समीक्षा के साथ जन वितरण प्रणाली (PDS) को और अधिक पारदर्शी एवं प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया। बैठक के दौरान जिला पूर्ति अधिकारी द्वारा समुचित तैयारी न किए जाने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताते हुए कोरम पूर्ति को लेकर सख्त चेतावनी दी।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप सभी राशन कार्ड धारकों को समयबद्ध और सुचारु रूप से निशुल्क खाद्यान्न वितरण सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी प्रकार की घटतौली की शिकायत सामने नहीं आनी चाहिए। इसके लिए नियमित छापेमारी के निर्देश भी दिए गए। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को फील्ड में सक्रिय रहने और वितरण प्रक्रिया पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए।
अपात्र लाभार्थियों के राशन कार्ड निरस्त कर पात्र व्यक्तियों को जोड़ने, साथ ही ई-केवाईसी प्रक्रिया को तेज करने पर विशेष जोर दिया गया। इसके अतिरिक्त गैस की जमाखोरी एवं अवैध भंडारण पर सख्ती बरतने के निर्देश देते हुए कहा गया कि कालाबाजारी की सूचना मिलने पर तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। किसी भी एजेंसी संचालक द्वारा निर्धारित मूल्य से अधिक वसूली किए जाने पर भी कठोर कदम उठाने को कहा गया। खाद्यान्न उठान में लगे डोर स्टेप डिलीवरी वाहनों की कमी को तत्काल दूर करने और समय से सभी उचित दर की दुकानों तक खाद्यान्न पहुंचाने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही, अधिकारियों को औचक निरीक्षण करने के लिए भी निर्देशित किया गया, ताकि वितरण प्रणाली में पारदर्शिता बनी रहे।
बैठक में समिति के सदस्य एवं चकिया चेयरमैन गौरव श्रीवास्तव, जिला खाद्य विपणन अधिकारी राधवेन्द्र सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी राजेश नायक सहित सभी सप्लाई इंस्पेक्टर उपस्थित रहे।




