
- रिपोर्ट: पंकज झां
वाराणसी जंक्शन रेलवे स्टेशन पर यात्री सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एक महत्वपूर्ण अभियान चलाया गया। उत्तर रेलवे के स्वास्थ्य विभाग द्वारा नगर निगम और रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के सहयोग से आवारा कुत्तों को पकड़ने के लिए विशेष कार्रवाई की गई।
यह अभियान स्टेशन के द्वितीय प्रवेश द्वार और प्लेटफार्म क्षेत्रों के आसपास चलाया गया, जहां आवारा कुत्तों की मौजूदगी यात्रियों, खासकर छोटे बच्चों और महिलाओं के लिए संभावित खतरा बन रही थी। अभियान के दौरान कुल 03 आवारा कुत्तों को सफलतापूर्वक पकड़ा गया और उन्हें आगे की कार्रवाई के लिए नगर निगम को सुपुर्द कर दिया गया। रेल प्रशासन ने स्पष्ट किया कि इस तरह के कदम यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को सुनिश्चित करने के लिए उठाए जा रहे हैं। आवारा कुत्तों के कारण काटने जैसी घटनाओं की आशंका को देखते हुए यह अभियान आवश्यक हो गया था।
इस अभियान में रेलवे की ओर से मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक प्रशांत पंसारे, प्रदीप कुमार और प्रभात कुमार मौजूद रहे। वहीं, RPF की तरफ से एएसआई धर्मेंद्र यादव ने अपनी भूमिका निभाई। नगर निगम की ओर से फार्मासिस्ट अमरनाथ द्विवेदी, ड्राइवर राजन और कुत्ता पकड़ने वाली टीम ने सक्रिय सहयोग दिया।
उत्तर रेलवे ने यह भी कहा कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसी को ध्यान में रखते हुए ऐसे अभियान आगे भी लगातार चलाए जाते रहेंगे, ताकि स्टेशन परिसर सुरक्षित और व्यवस्थित बना रहे।



