
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
लखनऊ के मलिहाबाद क्षेत्र में कथित दबंग भू-माफिया महेंद्र और गुलाब का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। आरोप है कि ये दोनों लंबे समय से फर्जी रजिस्ट्री के जरिए जमीनों की खरीद-फरोख्त कर रहे हैं, जिससे स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है।
स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, इन दोनों के खिलाफ पहले से ही कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, बावजूद इसके उनकी गतिविधियां लगातार जारी हैं। यही वजह है कि क्षेत्र के लोगों के साथ-साथ कई सम्मानित वकीलों ने भी मामले में हस्तक्षेप करते हुए कार्रवाई की मांग की।
बताया जा रहा है कि जब वकीलों का एक समूह मलिहाबाद थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराने गया, तो पुलिस ने कार्रवाई करने के बजाय उल्टा उन्हीं वकीलों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। इतना ही नहीं, कुछ ऐसे वकीलों के नाम भी एफआईआर में शामिल कर दिए गए, जो उस समय लखनऊ में थे और घटनास्थल पर मौजूद ही नहीं थे।
इस पूरे मामले के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि पुलिस इन आरोपों की निष्पक्ष जांच कर भू-माफियाओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज करती है या फिर मामला सिर्फ कागजी कार्रवाई तक सीमित रह जाता है।
सूत्रों के अनुसार, यह भी चर्चा है कि कुछ प्रभावशाली राजनीतिक हस्तियों के दबाव के चलते स्थानीय पुलिस कार्रवाई करने में असहज महसूस कर रही है। हालांकि, इन दावों की आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हो सकी है।
प्रशासन की अगली कार्रवाई पर अब सभी की नजरें टिकी हुई हैं।




