इटावा: उत्तर प्रदेश के इटावा में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय लूट की वारदात का खुलासा किया है। बकेवर थाना पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया, जिसके कब्जे से Maruti Suzuki Swift कार, चाकू और मोबाइल फोन बरामद किया गया है। हालांकि, उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव के निर्देश पर 15 अप्रैल की रात पूर्वी तिराहे पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही एक स्विफ्ट कार को पुलिस ने घेराबंदी कर रोक लिया और एक युवक को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसका साथी भाग निकला।
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि उसने अपने साथी सौरभ तोमर के साथ मिलकर भोपाल रेलवे स्टेशन से कार बुक की थी। रास्ते में दोनों ने बाथरूम का बहाना बनाकर गाड़ी रुकवाई और चालक पर चाकू से हमला कर उसे घायल कर दिया। इसके बाद आरोपी कार लेकर फरार हो गए। चालक किसी तरह सीहोर जिला के दोराहा थाना क्षेत्र में एक पेट्रोल पंप के पास चलती गाड़ी से कूदकर अपनी जान बचाने में सफल रहा।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान आदित्य रावत (24) निवासी ग्वालियर के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से लूटी गई कार, चाकू और मोबाइल फोन बरामद कर लिया है। इस मामले में थाना बकेवर में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
एएसपी ग्रामीण इटावा श्रीश चंद्र ने बताया कि आरोपी एक अंतरराज्यीय गैंग से जुड़ा हुआ है। पुलिस ने आवश्यक बल प्रयोग कर उसे गिरफ्तार किया है, जबकि फरार साथी की तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। जल्द ही दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी भी कर ली जाएगी।




