
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। उत्तर प्रदेश के चन्दौली जनपद में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना नौगढ़ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में गांजा बरामद कर दो शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षकों के निर्देशन में थाना नौगढ़ प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार यादव के नेतृत्व में टीम ने मुखबिर की सूचना पर कौवाघाट पुल के पास घेराबंदी की। इस दौरान मोटरसाइकिल से गांजा ले जा रहे दो संदिग्धों को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें कुल 14.739 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ।
बरामद मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 4 लाख रुपये बताई जा रही है।गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान बिहार राज्य के निवासी पप्पू यादव (24 वर्ष) और शौकत सिंह (23 वर्ष) के रूप में हुई है।
पूछताछ में दोनों ने खुलासा किया कि वे अपने गांव के पास पहाड़ी क्षेत्रों से सस्ते दाम पर गांजा खरीदते थे और उसे मधुपुर व आसपास के गांवों में महंगे दाम पर बेचते थे। मुनाफे की रकम दोनों आपस में बराबर-बराबर बांट लेते थे। इस मामले में थाना नौगढ़ पर मु0अ0सं0 37/26 के तहत धारा 8/20/60 NDPS एक्ट में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने मौके से एक मोटरसाइकिल भी बरामद की है, जिसका इस्तेमाल तस्करी में किया जा रहा था। इस पूरी कार्रवाई में थाना नौगढ़ की टीम के कई पुलिसकर्मी शामिल रहे, जिनकी सतर्कता और तत्परता से यह सफलता मिली। चन्दौली पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जनपद में नशे के कारोबार को किसी भी कीमत पर पनपने नहीं दिया जाएगा और इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी




