
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी में गंगा घाटों पर पर्यटकों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। दशाश्वमेध और अस्सी घाट पर चल रहे विशेष अभियान के तहत नियमों की अनदेखी करने वाली नावों पर कार्रवाई की गई।
दशाश्वमेध क्षेत्र में थाना प्रभारी संतोष सिंह और चौकी प्रभारी अनुजमणि तिवारी की संयुक्त टीम ने जांच के दौरान तीन नावों को सीज कर दिया। इन नावों में क्षमता से अधिक सवारियां बैठाई जा रही थीं और सबसे चिंताजनक बात यह रही कि यात्रियों के लिए लाइफ जैकेट की व्यवस्था भी नहीं थी, जो सुरक्षा मानकों का गंभीर उल्लंघन है। इसी तरह अस्सी घाट पर भी एसीपी भेलूपुर के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए तीन नावों को सीज किया गया। प्रशासन की इस कार्रवाई के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले तीन नाविकों के खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज की गई है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि गंगा में नौकायन के दौरान सुरक्षा मानकों से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ओवरलोडिंग और बिना लाइफ जैकेट पर्यटकों को ले जाना न केवल गैरकानूनी है, बल्कि यह जानलेवा भी साबित हो सकता है। अधिकारियों ने नाविकों को सख्त चेतावनी दी है कि वे निर्धारित नियमों का पालन करें, अन्यथा आगे भी इसी तरह की कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही, पर्यटकों से भी अपील की गई है कि वे अपनी सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बिना लाइफ जैकेट नाव यात्रा न करें और नियमों का पालन सुनिश्चित करें।




