
नई दिल्ली: गर्मी की छुट्टियों में Delhi, Mumbai और Pune जैसे महानगरों से उत्तर प्रदेश और बिहार जाने वाले यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए Indian Railways ने बड़ा फैसला लिया है। यात्रियों की सुविधा के लिए कई नई समर स्पेशल ट्रेनों का संचालन शुरू किया जा रहा है, जिससे अब घर जाने का सफर काफी आसान हो जाएगा।
दानापुर और समस्तीपुर रूट पर राहत
पूर्व मध्य रेल के सीपीआरओ सरस्वती चंद्र के अनुसार, ग्रीष्मकालीन अवकाश में बढ़ती भीड़ को नियंत्रित करने के लिए यह कदम उठाया गया है। खास तौर पर Pune और Mumbai से बिहार के दानापुर और समस्तीपुर के लिए इन ट्रेनों का परिचालन किया जाएगा। इससे लाखों प्रवासी, छात्र और मजदूरों को बड़ी राहत मिलेगी।
पुणे-दानापुर के बीच रोजाना स्पेशल ट्रेन
रेलवे ने गाड़ी संख्या 01449/01450 पुणे-दानापुर-हडपसर स्पेशल ट्रेन चलाने की घोषणा की है। यह ट्रेन 15 जुलाई 2026 तक प्रतिदिन चलेगी। पुणे से दोपहर 3:30 बजे रवाना होकर यह ट्रेन डीडीयू, प्रयागराज छिवकी, जबलपुर और भुसावल होते हुए तीसरे दिन दानापुर पहुंचेगी। वापसी में दानापुर से सुबह 5:00 बजे चलकर यह ट्रेन अगले दिन हडपसर (पुणे) पहुंचेगी।
लोकमान्य तिलक-दानापुर स्पेशल भी शुरू
यात्रियों की मांग को देखते हुए गाड़ी संख्या 01143/01144 Lokmanya Tilak Terminus से दानापुर के बीच स्पेशल ट्रेन चलाई जा रही है। यह ट्रेन 15 जुलाई 2026 तक प्रतिदिन चलेगी। लोकमान्य तिलक से सुबह 10:30 बजे चलकर यह अगले दिन शाम 6:45 बजे दानापुर पहुंचेगी। वापसी में यह ट्रेन दानापुर से रात 9:30 बजे रवाना होकर तीसरे दिन सुबह 7:45 बजे मुंबई पहुंचेगी।
समस्तीपुर के लिए साप्ताहिक ट्रेन
मुंबई से समस्तीपुर जाने वाले यात्रियों के लिए गाड़ी संख्या 01043/01044 साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन भी शुरू की गई है। यह ट्रेन 21 अप्रैल से 14 जुलाई 2026 तक हर मंगलवार को Lokmanya Tilak Terminus से चलेगी और दानापुर, पाटलिपुत्र, हाजीपुर, मुजफ्फरपुर होते हुए रात 11:45 बजे समस्तीपुर पहुंचेगी। वापसी में यह ट्रेन हर गुरुवार को तड़के 3:00 बजे समस्तीपुर से रवाना होकर अगले दिन शाम 4:25 बजे मुंबई पहुंचेगी।
यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत
रेलवे के इस फैसले से यूपी-बिहार के लाखों यात्रियों को गर्मी की छुट्टियों में कंफर्म टिकट पाने और आरामदायक सफर करने में बड़ी मदद मिलेगी। भीड़ को नियंत्रित करने और यात्रा को सुगम बनाने के लिए यह कदम बेहद अहम माना जा रहा है।





