
महाराष्ट्र की उपराजधानी Nagpur में उस समय हड़कंप मच गया, जब Rashtriya Swayamsevak Sangh (RSS) मुख्यालय के पास एक घर के गार्डन से भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद किए गए। लावारिस बैग में रखे इस खतरनाक सामान की सूचना मिलते ही पुलिस ने पूरे शहर में हाई अलर्ट घोषित कर दिया। मौके पर बम निरोधक दस्ता (BDDS), फॉरेंसिक टीम और भारी पुलिस बल को तैनात कर दिया गया है।
गार्डन में मिला संदिग्ध बैग, निकला विस्फोटक
यह मामला सीए रोड स्थित दोसर भवन चौक इलाके का बताया जा रहा है। मंगलवार सुबह एक मकान मालिक को अपने घर के छोटे गार्डन में एक संदिग्ध बैग दिखा। जब उसने बैग खोलकर देखा तो उसमें जिलेटिन स्टिक रखी हुई थीं। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। जांच में बैग से 15 जिलेटिन स्टिक, 50 डेटोनेटर और 8 कनेक्टर बरामद किए गए, जिन्हें सुरक्षित तरीके से जब्त कर लिया गया।
संवेदनशील इलाके में बरामदगी से बढ़ी चिंता
जहां से यह विस्फोटक मिला है, वह इलाका सुरक्षा के लिहाज से बेहद संवेदनशील माना जाता है। घटनास्थल के करीब धार्मिक और महत्वपूर्ण स्थल मौजूद हैं, वहीं Rashtriya Swayamsevak Sangh मुख्यालय भी महज डेढ़ से दो किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। ऐसे में सुरक्षा एजेंसियां इस मामले को बेहद गंभीरता से ले रही हैं और किसी बड़ी साजिश की आशंका जताई जा रही है।
महीनों से पड़ा था बैग, जांच के कई एंगल
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह बैग करीब एक से डेढ़ महीने से वहां पड़ा हो सकता है। पुलिस को शक है कि इसका संबंध हाल ही में काटोल क्षेत्र में हुए विस्फोटक हादसे से भी हो सकता है, हालांकि अभी इसकी पुष्टि नहीं हुई है।
नागपुर पुलिस के सह आयुक्त ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। यह विस्फोटक किसने रखा, इसके पीछे क्या मंशा थी और संभावित निशाना क्या था—इन सभी सवालों के जवाब तलाशे जा रहे हैं। फिलहाल इलाके में सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है और संदिग्धों की तलाश तेज कर दी गई है।





