-जनता दर्शन के दौरान सीएम योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को दिए निर्देश
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए हैं कि यदि किसी मामले में जांच के दौरान गलत रिपोर्ट लगाई जाती है, तो संबंधित के खिलाफ एफआइआर दर्ज कराई जाए। उन्होंने कहा कि हर मामले की निष्पक्ष जांच करके ही उसका निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। लापरवाही या शिथिलता किसी भी प्रकरण में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यह निर्देश उन्होंने शनिवार की सुबह गोरखनाथ मंदिर के दिग्विजयनाथ स्मृति सभागार में जनता दर्शन के दौरान लोगों की समस्या सुनते हुए दिए।
जनता दर्शन में मुख्यमंत्री ने करीब 150 लोगों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने सभी को आश्वस्त किया कि घबराने की आवश्यकता नहीं है। हर समस्या का प्रभावी निस्तारण किया जाएगा। इस संबंध में उन्होंने प्रशासन और पुलिस के अधिकारियों को चेतावनी दी कि जनता की समस्याओं का समयवद्ध, निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करें।
दरअसल जनता दर्शन में कुछ मामले ऐसे भी आए थे, जिनमें यह शिकायत की गई कि प्रकरण में गलत रिपोर्ट लगा दी गई है। इस पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि गलत रिपोर्ट लगाने वालों को चिह्नित किया जाए और उसके खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी पीड़ित की समस्या के समाधान में अगर गलत रिपोर्ट लगाई जाती है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।





