
- रिपोर्ट: अमित कुमार
अयोध्या। जनपद के पोस्टमार्टम हाउस के समीप एक मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म एवं उसके बाद निर्मम हत्या की हृदयविदारक घटना ने पूरे अयोध्या जनपद को स्तब्ध कर दिया है। इस जघन्य अपराध को लेकर आमजन में गहरा आक्रोश और शोक का माहौल है।
घटना पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए रुदौली विधानसभा से समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक रुश्दी मियां ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की और उन्हें ढांढस बंधाया। इस दौरान उन्होंने परिजनों को हर संभव कानूनी एवं व्यक्तिगत सहायता देने का आश्वासन दिया।
रुश्दी मियां ने इस अमानवीय कृत्य की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए कहा कि यह घटना न केवल मानवता को शर्मसार करने वाली है, बल्कि प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े करती है। उन्होंने कहा कि ऐसे अपराधियों के लिए समाज में कोई स्थान नहीं होना चाहिए।
सपा नेता ने उत्तर प्रदेश सरकार से दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी एवं उन्हें ऐसी कठोर सजा दिए जाने की मांग की, जो भविष्य में नजीर बने। साथ ही, पीड़ित परिवार की दयनीय स्थिति को देखते हुए उन्होंने सरकार से आर्थिक सहायता प्रदान करने की भी मांग की, ताकि इस कठिन समय में परिवार को कुछ संबल मिल सके।




