
- रिपोर्ट: आलम अंसारी
हापुड़ जनपद के गांव कनिया कल्याणपुर में पिछले कई दिनों से दहशत का माहौल बना हुआ था। गांव और आसपास के खेतों में तेंदुए की लगातार मौजूदगी से ग्रामीण भयभीत थे। कई बार तेंदुआ देखे जाने की सूचना मिलने के बाद ग्रामीणों ने वन विभाग से कार्रवाई की मांग की थी।
ग्रामीणों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए वन विभाग की टीम ने गांव के बाहरी इलाके में एक फुट ट्रैप केज लगाया। देर रात तेंदुआ उसी पिंजरे में फंस गया, जिससे ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। तेंदुआ पकड़े जाने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए।
स्थिति को नियंत्रित करने और किसी भी अनहोनी से बचने के लिए पुलिस बल और वन विभाग के अधिकारी तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की और पिंजरे के आसपास सुरक्षा घेरा बनाया।
वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार पकड़े गए तेंदुए की स्वास्थ्य जांच कराई जा रही है और उसे सुरक्षित रूप से जंगल क्षेत्र में छोड़ा जाएगा। अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में लगातार निगरानी रखी जाएगी ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
तेंदुए के पकड़े जाने के बाद गांव में दहशत का माहौल समाप्त हो गया है और ग्रामीणों ने वन विभाग व प्रशासन का आभार जताया है।




