
- रिपोर्ट: अमित कुमार
अयोध्या: पूरी दुनिया में हज़रत अली का यौमे-विलादत अकीदत और एहतराम के साथ मनाया जा रहा है। इसी कड़ी में उत्तर प्रदेश के अयोध्या जिले में भी यह पावन अवसर श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस मौके पर मस्जिदों, दरगाहों और इमामबाड़ों में विशेष महफिलों का आयोजन किया गया, वहीं धार्मिक स्थलों को सजाया गया और मौला अली की शान में कसीदे व तकरीरें पेश की गईं।
जनपद अयोध्या के राठ हवेली इमामबाड़ा जवाहर अली खां में भी यौमे-विलादत के अवसर पर महफिल और नज़्र-ए-मौला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान केक काटकर हज़रत अली का जन्मदिवस मनाया गया, जिसमें बड़ी संख्या में अकीदतमंद शामिल हुए।
इस अवसर पर मौलाना नदीम रज़ा जैदी ने कहा कि हज़रत अली का यौमे-विलादत मनाने के साथ-साथ उनकी ज़िंदगी और उनके बताए रास्तों से सीख लेना ज़रूरी है, ताकि समाज और इंसानियत को इसका लाभ मिल सके। वहीं जुमा-ओ-जमात मौलाना जाफर रज़ा आब्दी ने कहा कि हज़रत अली की शिक्षाओं को केवल ज़बान से नहीं, बल्कि दिल से अपनाना चाहिए और उनके बताए रास्तों पर चलकर अपने साथ-साथ दूसरों का भी भला करना चाहिए।
पूरे जिले में यौमे-विलादत के मौके पर धार्मिक और सामाजिक सौहार्द का संदेश देखने को मिला।





