
नई दिल्ली : गोवा के नाइट क्लब में लगी भीषण आग के मामले में जांच एजेंसियां क्लब के मालिक सौरव लूथरा और गौरव लूथरा की तलाश में जुटी हुई हैं। दोनों भाई घटना के तुरंत बाद देश छोड़कर फरार हो चुके हैं। ऐसे में अब उनके खिलाफ इंटरपोल के जरिए ब्लू कॉर्नर नोटिस जारी किए जाने की संभावना है।
सूत्रों के मुताबिक, आग लगने की घटना के बाद रविवार को ही लूथरा ब्रदर्स भारत छोड़कर फुकेट भाग गए थे। इसी बीच गोवा पुलिस ने दिल्ली में उनकी तलाश के लिए छापेमारी शुरू कर दी है। पुलिस उनके तीसरे पार्टनर अजय गुप्ता की भी खोज तेज़ी से कर रही है, जो क्लब संचालन में साझेदार बताया जा रहा है।
गोवा पुलिस जब दिल्ली के जीटीबी नगर स्थित लूथरा ब्रदर्स के घर पहुंची तो मकान बंद मिला और अंदर कोई मौजूद नहीं था। जांच में सामने आया कि दोनों भाई 7 दिसंबर की सुबह 5:30 बजे इंडिगो फ्लाइट 6E 1073 से फुकेट रवाना हुए थे।
गौरतलब है कि शनिवार रात नाइट क्लब में लगी आग में 25 लोगों की मौत हो गई थी। घटना के बाद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई और गोवा पुलिस के अनुरोध पर खुफिया ब्यूरो (IB) ने 7 दिसंबर तक लुकआउट सर्कुलर जारी किया था। बाद में मुंबई स्थित इमिग्रेशन ब्यूरो से पुष्टि हुई कि आग की घटना के तुरंत बाद ही दोनों आरोपी देश छोड़कर भाग निकले थे।
पुलिस अब अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों की मदद से लूथरा ब्रदर्स का पता लगाने की कोशिश कर रही है।


