
- वरिष्ठ संवाददाता: राजीव आनन्द
लखनऊ। सोशल डेमोक्रेटिक पार्टी ऑफ इंडिया, उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष निजामुद्दीन ख़ान ने आज रेल मंत्री, भारत सरकार को पत्र भेजकर 12571 अप / 12572 डाउन हमसफर एक्सप्रेस ट्रेन के अलीगढ़ जंक्शन पर ठहराव की मांग की है।
प्रदेश अध्यक्ष ने अपने पत्र में बताया कि यह ट्रेन गोरखपुर से आनंद विहार टर्मिनल (दिल्ली) तक बढ़नी, बलरामपुर, गोंडा, लखनऊ व कानपुर सेंट्रल मार्ग से संचालित होती है, किंतु कानपुर सेंट्रल और आनंद विहार के बीच किसी भी स्टेशन पर इसका ठहराव नहीं है।
इस कारण बड़ी संख्या में यात्री, विशेष रूप से अलीगढ़ और उसके आसपास के क्षेत्रों के लोग, अत्यंत असुविधा का सामना कर रहे हैं।
ख़ान ने कहा कि अलीगढ़ जंक्शन उत्तर प्रदेश का प्रमुख रेलवे स्टेशन है, तथा शहर एक महत्वपूर्ण औद्योगिक एवं शैक्षणिक केंद्र होने के कारण यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्रियों का आवागमन होता है।
उन्होंने उल्लेख किया कि गोरखपुर, सिद्धार्थनगर, बलरामपुर, देवीपाटन, गोंडा व अन्य पूर्वांचल क्षेत्रों से अलीगढ़ आने-जाने के लिए सीधी ट्रेनों की कमी है, जिससे यात्रियों को अनावश्यक परेशानी उठानी पड़ती है।
उन्होंने यह भी कहा कि हमसफर एक्सप्रेस का अलीगढ़ में ठहराव होने से यात्रियों की सुविधा बढ़ेगी, जनसामान्य को लाभ मिलेगा और रेल विभाग की राजस्व आय में भी वृद्धि होगी, क्योंकि इन क्षेत्रों के यात्री बड़ी संख्या में इस मार्ग का उपयोग करते हैं।
एस.डी.पी.आई. ने रेल मंत्री से आग्रह किया है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए 12571 अप और 12572 डाउन हमसफर एक्सप्रेस को अलीगढ़ जंक्शन पर ठहराव प्रदान करने का निर्णय शीघ्र लिया जाए।


