
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
सोनभद्र में लगातार हो रही बारिश के कारण प्रदेश के सबसे बड़े रिहंद बांध का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। जलस्तर 869 फीट पार होने के बाद बांध प्रशासन ने सावधानी बरतते हुए पांच फाटक खोल दिए हैं।
इन फाटकों को 16 फीट तक खोला गया है, जिससे बड़ी मात्रा में पानी का डिस्चार्ज किया जा रहा है। साथ ही बांध से 300 मेगावाट बिजली उत्पादन भी जारी है।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने पिपरी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले निचले इलाकों के ग्रामीणों से सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की है।
जलस्तर में लगातार वृद्धि को देखते हुए बांध और आसपास के क्षेत्रों में अलर्ट जारी कर दिया गया है। संबंधित विभाग स्थिति पर नजर बनाए हुए है।





