
- रिपोर्ट: प्रतीक वार्ष्णेय
हाथरस: कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र के राममंदिर के पास मंगलवार की दोपहर, जब लोग अपने रोज़मर्रा के कामों में व्यस्त थे, तभी अचानक एक ऐसा नज़ारा सामने आया जिसने इलाके का माहौल ही बदल दिया। सड़क किनारे छोले-भटूरे की खुशबू उड़ रही थी, दुकान पर ग्राहकों की चहल-पहल थी, लेकिन कुछ ही पलों में हंसी-ठिठोली चीख-पुकार और मारपीट में बदल गई।
कैसे शुरू हुआ बवाल
जानकारी के मुताबिक, एक युवती अपने प्रेमी संग छोले-भटूरे खाने आई थी। दोनों दुकान पर बैठकर खाना खा ही रहे थे कि तभी वहां युवती का भाई और उसके साथी पहुंच गए। बहन को प्रेमी के साथ देखकर भाई का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। बिना कुछ सोचे-समझे उसने प्रेमी पर हमला बोल दिया। पहले थप्पड़ों की बरसात, फिर घूंसे और लात — मौके पर मौजूद लोग हैरान रह गए।
बहन भी बनी गुस्से का शिकार
मारपीट को रोकने के लिए युवती बीच में आई, लेकिन यहां हालात और बिगड़ गए। भाई और उसके साथी बहन पर भी टूट पड़े। उन्होंने युवती के बाल पकड़कर सड़क पर घसीटा और थप्पड़ों से उसकी जमकर पिटाई कर दी। राहगीरों ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन कुछ ही सेकंड में यह पूरा वाकया मोबाइल कैमरे में कैद हो गया।
वीडियो वायरल, पुलिस एक्शन में
यह ‘छोले-भटूरे कांड’ का वीडियो सोशल मीडिया पर डालते ही आग की तरह फैल गया। देखते ही देखते इलाके में चर्चा शुरू हो गई और कई लोग घटना स्थल पर जुट गए। सूचना पाकर कोतवाली हाथरस गेट पुलिस मौके पर पहुंची और चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।





