
- रिपोर्ट: प्रतीक वार्ष्णेय
हाथरस: जिले की सियासत में हलचल मचाने वाली बड़ी खबर सामने आई है। समाजवादी पार्टी के कद्दावर नेता और सादाबाद के पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष चौधरी भाजुद्दीन के खिलाफ विजिलेंस टीम ने आय से अधिक संपत्ति के गंभीर आरोपों में मुकदमा दर्ज कराया है।
यह कार्रवाई शासन के सख्त निर्देशों पर गुरुवार की शाम लगभग 7 बजे की गई, जब विजिलेंस विभाग की टीम ने आय से अधिक संपत्ति की लंबी जांच के बाद चौ. भाजुद्दीन को दोषी पाया।

सूत्रों के अनुसार, चौ. भाजुद्दीन 2007 से 2012 तक सादाबाद नगर पंचायत के अध्यक्ष रहे और इसके बाद 2012 में सपा के हाथरस जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाली। इसी कार्यकाल के दौरान उनके खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने की शिकायतें आईं थीं।

शिकायत की पुष्टि होते ही विजिलेंस टीम ने विस्तार से जांच की और आय के ज्ञात स्रोतों से अधिक संपत्ति पाए जाने पर यह मामला दर्ज किया गया।

इस कार्रवाई से जिले की राजनीति में भूचाल आ गया है, क्योंकि चौधरी भाजुद्दीन को समाजवादी पार्टी का एक बड़ा चेहरा माना जाता रहा है। अब देखना यह होगा कि पार्टी इस पर क्या रुख अपनाती है और जांच का अगला पड़ाव किस दिशा में जाता है।

राजनीतिक गलियारों में खलबली
इस कार्रवाई के बाद जिले के राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। सवाल यह भी उठ रहे हैं कि क्या ये कार्रवाई किसी और बड़े खुलासे की कड़ी है?





